यह ब्लॉग खोजें

सोमवार, 13 सितंबर 2021

गाँव कोई पिछड़े अज्ञानियों के दडबे नही अपितु लाखों करोड़ों वर्षों के शोध का परिणाम थे।


 समाज का शिल्पी:-किसान
छोटा सा सुखी संसार:-गाँव

समझ नही आता कि कहाँ से शुरू करूँ पर निश्चित ही सिद्ध कर दूंगा कि गाँव कोई पिछड़े अज्ञानियों के दडबे नही अपितु लाखों करोड़ों वर्षों के शोध का परिणाम थे।
जिन्हें अपने अपार ज्ञान प्रयोग व दूरदर्शिता के मेल से हमारे ऋषि मुनियों पूर्वजों ने आकार दिया था।

छोटी सी परिधि में न्यूनतम आवश्यकता की सभी वस्तुऐं। उनके उत्पादक। और उत्पादकों को संभालने, सुधारने व पुनर्निर्माण का ठोस सरल ज्ञान।

शायद ऐसी एक भी वस्तु आप न खोज पाओ जो फिर से काम न आ जाती हो। जो गाँव में न बन सकती हो। जिसके कारीगर वहाँ न हो। 36 बिरादरी अर्थात इतने कामों को करने वाले समाज के लोगों का समूह। एक आदर्श गाँव।

खेती बाड़ी, लुहार, चमार, जुलाहा, कुम्हार, नाई,धोबी, बढई, जोगी, पुरोहित, धींवर, भंगी, बनिया, दर्जी, भडभुज्जे, तेली, किसान, मजदूर, पहलवान, दाई, रंगरेज़, वैद्य आदि।

कोई भेद नही कोई ऊँच नीच नही। कोई काम छोटा बड़ा नही। सभी मिलकर, कंधे से कंधा मिलाकर जीवन जीते। एक दूसरे के सुख दुख का हिस्सा होते। न सरकार चाहिए न पुलिस न कानून। न मंदिर मस्जिद का झगड़ा।

बच्चा पैदा होता तो दाई होती। बूढ़ी काकी दादी सब जानती कि क्या खाना क्या परहेज। आठ दस बच्चों को सकुशल जन्म देती माँ। न दवा न काटपीट।

सभी वस्तुए घर की बनी, गाँव की बनी। शुद्ध स्वदेशी।
कपडा खाना घर फर्नीचर बर्तन कृषि यंत्र आदि।

सभी के पशु गाँव के जोहड़ में नहाते, लोग भी नहाते। इतना शुद्ध पानी कि पी भी सकते। बल्कि पीते थे। चमार की भैंस जहाँ नहाती उस पानी को जाट ब्राहमण भी पीता। जातिवाद ढूंढ़कर तो बताओ।

सब सीधे सच्चे पर मूल बात, शिक्षा, सिद्धांत अधिकांश जानते। बड़े बड़े फैसले वही हो जाते। पंचायत में ही। गाँव की बहन बेटी सबकी साझा होती। गाँव तो गाँव ग्वाहंड की भी।

अपार शक्तिशाली पशुओं को वश में करके खेती के काम लेते। सबकी सुध लेते। कुत्ते, कौवे, चिड़िया, गाय सब अपने से दिखते। परिवार का हिस्सा होते। बच्चे भैंसे की नाथ फूटते हुए भी देखता, खुरी ठुकते भी, बधिया होते भी, पैदा होते भी, मरकर गडते भी।

नंगे पाँव खेत में चलता तो केचुंए गिजाई पाँव तले भी आती। हल चलाते समय खरगोश के बच्चों को बचाता भी और  चूहों को फावड़े से फेंकता भी किसान। सर्दी गर्मी बरसात लू शीत लहर तूफान आँधी सब झेलता।

और झेल कर ऐसा हो जाता कि फौजी बेटे की लाश पर गर्व से कहता कि काश और बेटे भी होते तो उन्हें फौजी बनाता। सम्मान को शहीद यदि प्रिय पुत्री भी करती तो हँस कर बलि भी दे देता।

राष्ट्र धर्म की रक्षा का सवाल उठते ही कृषि के औजारों को हथियार तुरंत बना लेता। क्या नही करता था वो अनपढ़ गवाँर किसान मजदूर। पेड लगाता, पानी बचाता, प्रकृति से प्रेम करता। कहता नही करता। वैदिक सिद्धान्तों को जीता। उसके लहू में थी वो बातें जो आज पढे लिखे विकासशील कहे जाने वाले भी नही जानते।

शुद्ध खाता शुद्ध खिलाता, पाप से डरता, भगवान से डरता।
दूसरे के दुख से दुखी और सबके सुख की कामना करता था किसान। कर्ज से डरता था। सच का साथी। सम्मान को चरित्र को सर्वोच्च वरीयता देता। स्वस्थ था किसान।

जब कभी देश पर संकट आया तो अपने हृदय के टुकड़ों को युद्ध की समिधा बना डालता। लड मरता। साहसी सभ्य संस्कारी सादगी का सच्चा उदाहरण किसान।

इतनी खूबियों वाले इस जीव को आजादी के पहले अंग्रेजी हुकूमत ने व आजाद भारत की सरकारों ने सदा निशाना बनाया और आज भीख मांगने पर मजबूर कर दिया है। खेती जो वैदिक कर्म कहा जाता था आज घाटे का सौदा बनाकर खत्म किया जा रहा है। अपनी ही फसल के आधे तिहाई दाम भी समय पर नही मिल पाने के कारण वो शिल्पकार आज भिखारी हुआ जाता है। धन के अभाव में धर्म गौण होकर मृतप्राय हो चला है। फिजूल की सियासत ने मानसिक गुलाम बनाकर कमर तोड दी है। संगठन रहे नही। शक्ति बची नही। संस्कार दारू के ठेके पर झूलते हैं। संबंध कमजोर होकर टूट गये हैं। दर्जनों कर्मखंडो का केन्द्र बिन्दु किसान अधमरा होकर मौत की राह देख रहा है।

गाय जो धुरी थी धरती की। अनाथ होकर तडपती फिरती है। बैल जिसके कंधों पर समाज अर्थशास्त्र टिका था। विलुप्त होने की कगार पर है। सामाजिक ताने-बाने को सस्ती सियासत निगल चुकी है। न बेटियाँ सुरक्षित है न बहुए। टीवी मोबाइल की सहायता से विषबीज मानस पटल पर जहरीले जंगल बनकर भविष्य को निगलने को सज्ज हैं ।

वैदिक परिभाषाओं की हत्या करके धूर्तों ने पाखंडी वातावरण बनाकर असल ज्ञान को विलुप्त सा कर दिया है।

किसान व गाँव चौतरफा साज़िश व षडयंत्रों का शिकार होकर समाप्ति की सीमा पर खड़े हैं।

आओ कुछ विचार करें कुछ प्रयास करे कुछ योजना बनाये कुछ और दिन जीवित रहें ....या तो ये व्यवस्था बदलनी होगी... अब जो करो खुद ही करो...!!!

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी करें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.

function disabled

Old Post from Sanwariya