यह ब्लॉग खोजें

शुक्रवार, 4 सितंबर 2020

सिक्किम में ऑर्गेनिक खेती से चार साल में दोगुना हुआ पर्यटन


सिक्किम में ऑर्गेनिक खेती से चार साल में दोगुना हुआ पर्यटन

चार जिलों और सवा छह लाख आबादी वाला सिक्किम इन दिनों ऑर्गेनिक खेती की वजह से चर्चा में है। वर्ष 2014 तक सालाना छह लाख पर्यटक ही सिक्किम आ रहे थे। लेकिन ऑर्गेनिक स्टेट घोषित होने के बाद इसमें तेजी से इजाफा हुआ। 2014-15 में साढ़े छह लाख पर्यटक आए। 2016 में 8.6 लाख और 2017 में 14 लाख पार हो गए। कृषि, उद्यानिकी और कैश क्रॉप डेवलपमेंट विभाग के सचिव खोरलो भूटिया कहते हैं- ऑर्गेनिक के कारण ही यह चमत्कार हुआ है। चार सालों में पर्यटकों की तादाद दोगुनी हो गई है। इस साल हम 20 लाख की उम्मीद कर रहे हैं। दो साल में नेपाल, भूटान समेत देश के सभी राज्यों से करीब 1100 प्रतिनिधिमंडल आकर देख चुके हैं कि यहां चल क्या रहा है? चार साल से रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर सख्ती से बंदिश है। दो साल पहले बाकायदा ऑर्गेनिक स्टेट घोषित के बाद लगातार कुछ न कुछ नया हो रहा है। राजधानी गंगटोक में बहुमंजिला किसान बाजार बन रहा है, जहां जैविक सब्जियों को लेकर किसान सीधे उपभोक्ताओं के बीच आ रहे हैं।  

इमारत अभी बन रही है, लेकिन बाजार शुरू हो चुका है। कुल 77 हजार हेक्टेयर जमीन में से इलायची, अदरक, हल्दी और बक व्हीट जैसी खास फसलों के लिए 14 हजार हेक्टेयर जमीन रिजर्व की गई है। इंडियन फामर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव (इफको) सिक्किम सरकार के साथ मिलकर जैविक फसलों के लिए 50 करोड़ रुपए लागत की प्रोसेसिंग यूनिट लगा रही है। एक साल के भीतर इनकी योजना इन्हीं चार प्रमुख फसलों को ऑर्गेनिक सिक्किम के ब्रांड से देश के हर मॉल तक ले जाने की है। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रांड सिक्किम दाखिल होगा।

जैविक जुनून की तीन प्रतिनिधि कहानियां-

1. थ्रीडी एनिमेशन का काम छोड़कर बेंगलुरू से आए

37 साल के शिशिर खड़का रानीपुल के रहने वाले हैं। बंंेगलुरू में तीन साल तक थ्रीडी एनिमेशन की पढ़ाई की। दो साल वहीं नौकरी की। जैविक का माहौल बना तो तीन साल पहले लौटकर आ गए। किसानों से खरीदकर इलायची, हल्दी, अदरक, बक व्हीट और कुट्‌टू के पावडर, चिप्स और नूडल्स का सुंदर सिक्किम नाम से अपना ही ब्रांड बना लिया।

 तीन साल में ही टर्न ओवर 80 लाख रुपए। 

रानीपुल में फैक्ट्री बन रही है। अब सिलीगुड़ी और कोलकाता ले जाने की तैयारी है। शिशिर कहते हैं- पैसा अपनी जगह है। बड़ी बात है कि सिक्किम के सीएम समेत इस फील्ड के कई बड़े लोग मुझे पहचानते हैं। बेंगलुरू की नौकरी में क्या यह मुमकिन था?

2. ढाई एकड़ से छह लाख रुपए सालाना कमाई…

खामदोंग गांव के 44 वर्षीय डीपी सुबेदी के पास ढाई एकड़ जमीन हैं। उनके पिता इसी जमीन पर सिर्फ भरण-पोषण लायक ही उपज ले पाते थे। सिर्फ लाख-डेढ़ लाख के अदरक और संतरे ही बाहर बिकते थे। वर्ष 2006 में सुबेदी ने काम संभाला। उन्हाेंने हर एक इंच जमीन का इस्तेमाल किया। आज वे चेरी पेपर, पपीता, अदरक, हल्दी, मिर्ची और सब्जियां उगा रहे हैं।

शहद के लिए मधुमक्खी पालन और दूध के लिए तीन गायें भीं। सालाना छह लाख की उपज बेच रहे हैं। अकेली मिर्ची ही दो लाख की। तीन गायों के गोबर और गोमूत्र से खाद खुद बनाते हैं। वे कहते हैं-ढाई एकड़ को जैविक बनाने के लिए तीन गायें काफी हैं। हम खाद नहीं खरीदते।

3. तीन साल तक उत्पादन घटा, अब बढ़ने लगा

रूमटेक गांव में 29 एकड़ के िकसान करमा डिचेन बताते हैं कि शुरू के तीन साल थोड़े कठिन थे। किसान गुस्से में थे। सरकार से नाराज भी। पहले एक हेक्टेयर में उत्पादन 20-22 क्विंटल था। लेकिन बाद में मजबूरी में जैविक हुए तो घटकर 15-16 क्विंटल पर आ गया। उन्हीं तीन सालों में जैविक खाद बनाने के ट्रेनिंग प्रोग्राम लगातार चले। शुरुआती नुकसान की भरपाई एमएसपी के जरिए सरकार ने की। खाद के लिए किसानों ने डेयरी साथ में जोड़ीं। जिनके पास गायें नहीं हैं, उन्हें सरकार जैविक खाद दे रही है। अब हम अपना उत्पादन 24-25 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक ले आए हैं। उपज की कीमतें बेहतर मिल रही हैं। कोई खेती से दुःखी नही रहा
अब सब के चहेरे खिले खिले है... चारो तरफ तंदुरस्त फसले और कम खर्च मे विपुल आय.. 😀


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी करें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.

function disabled

Old Post from Sanwariya