यह ब्लॉग खोजें

सोमवार, 17 जनवरी 2022

जब किसी ताजे फल में बीज अंकुरित होने लगते हैं तो उसे क्या कहते हैं?

 

१९९० की बात है, हम चैन्नई में रहते थे और हमारी प्रथम संतान की आशा से थे। घर के समीप ही एक अम्मन-कोविल (देवी का मन्दिर) था, एक सुबह हम लोगों ने वहाँ अर्चना करी। नारियल बडा किया तो एक ओर से बहुत ही विचित्र रूप से फूला हुआ था। हम असमंजस में थे और श्रीमतीजी इस आशंका में कि अरे यह नारियल तो अच्छा नहीं निकला, बडा अपशकुन हो गया। द्वार पर अपना आसन जमाए फूल और पूजासामग्री बेचने वाली महिला को उपालम्भ दिया तो वह कहने लगी, यह तो फला हुआ नारियल है, और ऐसा नारियल तो सौभाग्यशालियों को ही मिलता है। पुजारी जो हमारे व्यवहार का अवलोकन कर रहा था, उसने भी फूलवाली का अनुमोदन किया और मेरी धर्मपत्नी से कहने लगा "अम्मा! आप नारियल का यह वाला भाग अवश्य खाना, आपको स्वस्थ लड़का ही होगा।"

हम लोगों ने जो देखा वह नारियल के ताजे फल में ही पौधे का प्रस्फुटन था। इस प्रकार के अंकुरण को साधारण भाषा में "फल का फलना" कहते हैं और इसके लिए वनस्पतिशास्त्रीय तकनीकी शब्द है "जरायुज अंकुरण" (viviparous germination — विविपैरस जर्मिनेशन)। इसमें फल के भीतर ही बीज अंकुरित हो जाता है।

इस प्रकार का अंकुरण तटवर्ती दलदलों (mangroves) में लगने वाली वनस्पतियों में होता है। इनमें बहुधा फल वृक्ष पर ही फलित हो जाता है तब यह फल दलदल में गिर जाता है, और वहीं जड़ पकड़ लेता है। यदि अंकुरण न हुआ हो तो यह फल ज्वार-भाटा की प्रक्रिया में बहकर पानी के मध्य पहुँच सकता है और भूमि न मिल पाने से नष्ट भी हो सकता है। अतः प्रकृति ने जरायुज अंकुरण प्रक्रिया का विकास किया है।


यह प्रक्रिया कुछ अन्य वनस्पतियों में भी देखी जा सकती है। जैसे, आम की सबसे अन्त में आने वाली किस्मों में एक है नीलम, यह प्रजाति बहुत ही स्वादिष्ट है।

किन्तु जब इसे काटा जाता है तो एक सिरा काला सा होता है और लोग इसे यह कहकर खरीदने से कतराते हैं कि अरे! इसमें तो सदा ही कीड़ा लगा होता है। बरसात आई और आम में कीड़ा लग रहा है यह कहकर आम खाना बन्द! किन्तु आम अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए जरायुज अंकुरण कर रहा होता हैं।

जैसे यह।


यह स्ट्रॉबेरी जैसे फलो में भी देखा जा सकता है।


पपीते में तो यह बहुधा होता है।


अथवा यह मिर्च देखिए।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी करें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.

function disabled

Old Post from Sanwariya